मो.फारुक की रिपोर्ट 

विशेष जांच शिविर का आयोजन आज दिनांक 10.06.2026 को सुशासन शिविर कार्यक्रम के अंतिम दिन जिला एम.सी.बी. के वनाच्छादित भरतपुर विकासखंड अंतर्गत जनकपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में एक विशेष शिविर का आयोजन किया गया। जिला कलेक्टर के कड़े निर्देशों पर सिविल सर्जन के नेतृत्व में 6 सदस्यीय मेडिकल बोर्ड ने यहाँ पहुँचकर दिव्यांगजनों की जाँच की।

घर पर ही किया जाएगा प्रमाण पत्रों का वितरण
शिविर के दौरान कुल 110 दिव्यांगजनों का स्वास्थ्य एवं दिव्यांगता परीक्षण किया गया। इसमें से 89 आवेदकों को दिव्यांग प्रमाण-पत्र जारी करने के योग्य पाया गया है। खंड चिकित्सा अधिकारी (BMO) जनकपुर ने बताया कि इन सभी पात्र हितग्राहियों को परेशान होने की जरूरत नहीं है, प्रशासन उनके घर जाकर दिव्यांग प्रमाण-पत्रों का वितरण सुनिश्चित करेगा।

मनेंद्रगढ़ के बजाय जनकपुर में जांच से मिली राहत
आमतौर पर मेडिकल बोर्ड की सामान्य बैठक और जांच का स्थल मनेंद्रगढ़ रहता है। लेकिन भरतपुर के सुदूर वनांचल क्षेत्रों से आने वाले दिव्यांगों की सहूलियत को देखते हुए बोर्ड ने खुद जनकपुर आकर परीक्षण किया। इस संवेदनशील फैसले से दिव्यांगों और बुजुर्गों को लंबी दूरी तय करने की परेशानी से मुक्ति मिल गई।

स्थानीय लोगों ने की सराहना
जिला प्रशासन के इस मानवीय और सहानुभूतिपूर्ण कदम की दिव्यांग हितग्राहियों के परिजनों, स्थानीय जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने जमकर सराहना की है। लोगों का कहना है कि इस पहल से सुदूर इलाकों के जरूरतमंदों को शासन की योजनाओं का लाभ आसानी से मिल सकेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *