मो.फारुक की रिपोर्ट

एमसीबी/23 जनवरी 2026/ जिला मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर में 26 जनवरी 2026 को आमाखेरवा ग्राउंड, मनेन्द्रगढ़ में आयोजित होने वाले गणतंत्र दिवस समारोह को भव्य, गरिमामय और सुव्यवस्थित बनाने हेतु जिला प्रशासन द्वारा अधिकारियों एवं कर्मचारियों की ड्यूटी निर्धारित कर दी गई है।

छत्तीसगढ़ शासन सामान्य प्रशासन विभाग के निर्देशों के परिपालन में जारी इस आदेश के अनुसार समारोह में सांस्कृतिक कार्यक्रमों के सफल आयोजन तथा जिले में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों के सम्मान की विशेष व्यवस्था की गई है।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों के मूल्यांकन की जिम्मेदारी संयुक्त कलेक्टर एवं अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) केल्हारी श्रीमती इन्दिरा मिश्रा, अपर पुलिस अधीक्षक श्रीमती तरशीला टोप्पों तथा आदिवासी विकास विभाग की सहायक आयुक्त सुश्री अंकिता मरकाम को सौंपी गई है। वहीं संपूर्ण सांस्कृतिक कार्यक्रमों के समन्वय एवं अधिकारियों-कर्मचारियों के सम्मान कार्यक्रम का दायित्व जिला शिक्षा अधिकारी आर. पी. मीरे को दिया गया है।


समारोह के संचालन एवं मंच से उद्घोषणा की जिम्मेदारी मंडल संयोजक संजय कुमार श्रीवास्तव तथा शासकीय कन्या माध्यमिक शाला झगराखांड की प्रधान पाठक श्रीमती वीरांगना श्रीवास्तव निभाएंगी।

सांस्कृतिक कार्यक्रमों के आयोजन, प्रशस्ति पत्रों की छपाई एवं उनके वितरण का कार्य विकासखण्ड शिक्षा अधिकारी विपिन कुमार पाण्डेय, समग्र शिक्षा के एपीसी सूर्याेदय सिंह, परीक्षा प्रभारी श्रीमती मनीषा तिवारी, पुरातत्व एवं पर्यटन अधिकारी डॉ. विनोद पाण्डेय तथा सहायक विकासखण्ड शिक्षा अधिकारी बीरेन्द्र पाण्डेय के समन्वय से किया जाएगा। कार्यक्रम से संबंधित सहायक कार्यों की जिम्मेदारी जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय के भृत्य राम सूरत दोहरे को सौंपी गई है।


जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यह आदेश तत्काल प्रभावशील होगा और सभी संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी सौंपे गए दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा एवं जिम्मेदारी के साथ सुनिश्चित करेंगे, ताकि गणतंत्र दिवस समारोह जिले के लिए यादगार और प्रेरणादायी बन सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *