मो.फारुक की रिपोर्ट

श्रमिकों को 125 दिन रोजगार की जानकारी, जनसंवाद से बढ़ी जागरूकता
एमसीबी/02 फरवरी 2026/ जनपद पंचायत मनेंद्रगढ़ अंतर्गत ग्राम पंचायतों में विकसित भारत गारंटी फॉर रोजगार आजीविका मिशन ग्रामीण अधिनियम-2025 के तहत विकसित भारत जी-राम-जी ( VB G-RAM-G ) योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार एवं जन जागरूकता अभियान संचालित किया जा रहा है। इस अभियान का उद्देश्य ग्रामीण श्रमिकों को योजना की जानकारी देकर अधिक से अधिक जनसहभागिता सुनिश्चित करना है।

योजना के अंतर्गत पंचायत स्तर पर पम्पलेट वितरण कर श्रमिकों तक जानकारी पहुंचाई जा रही है। साथ ही नरेगा कार्य स्थलों पर जनसंवाद के माध्यम से श्रमिकों को यह बताया गया कि अब पूर्व में मिलने वाले 100 दिनों के रोजगार के स्थान पर 125 दिनों तक रोजगार उपलब्ध कराया जाएगा। इससे ग्रामीण क्षेत्रों में आजीविका के अवसरों में वृद्धि होगी।


ग्राम पंचायत नारायणपुर, लाई, बुंदेली, बंजी, मुक्तियारपारा सहित अन्य ग्राम पंचायतों में नरेगा के अंतर्गत संचालित आजीविका डबरी निर्माण कार्य एवं नवीन तालाब निर्माण कार्य स्थलों पर यह जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। इन कार्यस्थलों पर कुल 110 पुरुष एवं 108 महिला श्रमिकों ने सहभागिता की। कार्यक्रम के दौरान श्रमिकों को विकसित भारत जी-राम-जी ( VB G-RAM-G) योजना के अंतर्गत मजदूरी भुगतान की पारदर्शी व्यवस्था, समयबद्ध भुगतान, जनसंवाद एवं जनसहभागिता की प्रक्रिया की जानकारी दी गई। श्रमिकों को उनके अधिकारों, कार्य प्रणाली एवं सरकारी योजनाओं से जुड़ने के लाभों से भी अवगत कराया गया।


इस अवसर पर संबंधित ग्राम पंचायतों के सरपंच, पंच, ग्रामीणजन एवं नरेगा श्रमिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। जनप्रतिनिधियों ने कहा कि सरकार का उद्देश्य ग्रामीण श्रमिकों को अधिक रोजगार उपलब्ध कराना तथा उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त बनाना है। विकसित भारत जी-राम-जी योजना इस दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। जागरूकता कार्यक्रमों से श्रमिकों में योजनाओं के प्रति विश्वास बढ़ा है और वे सक्रिय रूप से भागीदारी कर रहे हैं, जिससे ग्रामीण विकास को नई गति मिल रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *