मो.फारुक की रिपोर्ट

समयबद्ध, पारदर्शी और प्रभावी क्रियान्वयन से ही मिलेगी जनता को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवा- कलेक्टर

एमसीबी/12 फरवरी 2026/ कलेक्टर सह अध्यक्ष जिला स्वास्थ्य समिति डी. राहुल वेंकट एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अविनाश खरे की अध्यक्षता में जिला मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर की जिला स्वास्थ्य समिति की महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में सिविल सर्जन सह मुख्य अस्पताल अधीक्षक, जिला कार्यक्रम प्रबंधक, अस्पताल अधीक्षक, समस्त राष्ट्रीय कार्यक्रमों के जिला नोडल अधिकारी एवं सहायक जिला नोडल अधिकारी, सभी खंड चिकित्सा अधिकारी, विकासखंड कार्यक्रम प्रबंधक, प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों के संस्था प्रभारी सहित संबंधित अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।


बैठक में कलेक्टर ने स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता एवं समयबद्ध क्रियान्वयन पर विशेष जोर देते हुए सभी खंड चिकित्सा अधिकारियों एवं सेक्टर चिकित्सा अधिकारियों को आधार बेस्ड अटेंडेंस प्रणाली का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी एवं कर्मचारी नियत समय पर अपनी उपस्थिति दर्ज करें, ताकि प्रत्येक स्वास्थ्य संस्था में समय पर सेवाएं उपलब्ध हो सकें। राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने उच्च जोखिम गर्भावस्था (HRP) प्रबंधन की सतत एवं नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। हाई रिस्क गर्भवती महिलाओं की पहचान कर उनका सूचीबद्ध पंजीयन, 24×7 निगरानी, वैकल्पिक रूप से एएनसी व्यवस्था, आवश्यकतानुसार एफआरयू (FRU) का चिन्हांकन तथा समय पर परिवहन सुविधा उपलब्ध कराने के लिए स्पष्ट दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक में राष्ट्रीय गैर संचारी रोग नियंत्रण कार्यक्रम (NCD) सहित उप स्वास्थ्य केंद्र स्तर पर संचालित सभी राष्ट्रीय कार्यक्रमों की ऑनलाइन प्रविष्टि सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। संबंधित स्वास्थ्य केंद्रों में पदस्थ पुरुष एवं महिला स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं तथा सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारियों (CHO) को ऑनलाइन एंट्री का कार्य नियमित रूप से करने के लिए कहा गया। इस संबंध में किसी भी कर्मचारी द्वारा शासकीय कार्य के निर्वहन में लापरवाही पाए जाने पर अनुशासनात्मक कार्रवाई किए जाने की चेतावनी भी दी गई।
टीकाकरण, टीबी, कुष्ठ रोग, मलेरिया एवं फाइलेरिया नियंत्रण कार्यक्रमों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा करते हुए शत-प्रतिशत लक्ष्य प्राप्ति के लिए पृथक कार्ययोजना तैयार कर लक्ष्य आधारित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही जिले में शत-प्रतिशत वय वंदन एवं आयुष्मान कार्ड निर्माण के लिए भी विशेष अभियान चलाने के निर्देश प्रदान किए गए।
जिले के स्वास्थ्य संस्थानों में राष्ट्रीय गुणवत्ता आश्वासन मानक (NQAS) के अंतर्गत किए जा रहे कार्यों की भी गहन समीक्षा की गई। निर्धारित गुणवत्ता मानकों के अनुरूप कार्य सुनिश्चित करने हेतु संबंधित सक्षम अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए, ताकि आम नागरिकों को बेहतर एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध हो सकें। बैठक के दौरान 29 एवं 30 जनवरी को आयोजित राज्य स्तरीय समीक्षा बैठक में दिए गए निर्देशों के अनुपालन की भी समीक्षा की गई। राज्य स्तर से प्राप्त दिशा-निर्देशों के समयबद्ध एवं प्रभावी क्रियान्वयन हेतु आवश्यक रणनीति बनाकर सभी राष्ट्रीय कार्यक्रमों में शत-प्रतिशत उपलब्धि सुनिश्चित करने के निर्देश 11 फरवरी 2026 को दिए गए।
अंत में कलेक्टर डी. राहुल वेंकट एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अविनाश खरे ने निर्देशित किया कि सभी स्वास्थ्य योजनाओं का पारदर्शी, समयबद्ध एवं प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि जिले में स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाते हुए आम नागरिकों को सुलभ, सस्ती एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वाेच्च प्राथमिकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *