Screenshot

मो.फ़ारूक़ की रिपोर्ट 
खड़गवां। मानवता को शर्मसार कर देने वाली एक सनसनीखेज घटना खड़गवां थाना क्षेत्र से सामने आई है, जहां एक 70 वर्षीय बुजुर्ग महिला के साथ दुष्कर्म किए जाने का मामला प्रकाश में आया है। इस जघन्य वारदात से पूरे क्षेत्र में आक्रोश का माहौल व्याप्त है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, थाना क्षेत्र के एक गांव में रहने वाली बुजुर्ग महिला के साथ 35 वर्षीय युवक ने दरिंदगी की हदें पार कर दीं। घटना के सामने आते ही क्षेत्र में सनसनी फैल गई और लोगों में भारी नाराजगी देखने को मिली।
घटना की सूचना मिलते ही खड़गवां पुलिस तत्काल हरकत में आई और मामले की गंभीरता को देखते हुए तेजी से कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आवश्यक साक्ष्य जुटाए और घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस द्वारा आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी के खिलाफ पर्याप्त साक्ष्य एकत्रित कर लिए गए हैं और मामले की जांच जारी है।
इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र के लोगों ने राहत की सांस ली है। वहीं, आमजन ने पीड़िता को जल्द न्याय दिलाने और आरोपी को कड़ी सजा दिलाने की मांग की है।
प्रशासन और न्याय व्यवस्था से अब सभी की नजरें इस बात पर टिकी हैं कि पीड़िता को जल्द से जल्द न्याय मिले और दोषी को उसके अपराध की सख्त सजा मिले।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *